कोरोना संक्रमित दुल्हन ने पीपीई किट पहनकर शादी रचाई। दूल्हे और शादी कराने वाले दोनों पक्षों के पंडितों ने भी पीपीई किट पहनी। शादी संपन्न होने के बाद बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई। दुल्हन को घर में ही आइसोलेट किया गया है।
बृहस्पतिवार को लाट गांव में बरात आनी थी। सुबह कोविड अस्पताल बेस से जैसे ही दुल्हन के परिजनों को फोन गया तो वहां हड़कंप मच गया। पता चला कि दुल्हन विनीता की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।




इसी दौरान दुल्हन के दरवाजे पर बीकानेर से बरात भी पहुंच गई। दुल्हन के कोरोना संक्रमित निकलने से वहां रंग में भंग पड़ गया। दुल्हन विनीता ने पीपीई किट पहनकर दूल्हे भूपेंद्र के साथ सात फेरे लिए।
दूल्हे समेत शादी कराने वाले दोनों पक्षों के पंडितों ने भी पीपीई किट पहनी। शादी समारोह घर से कुछ दूरी पर एक खेत में संपन्न कराया गया। शादी में इन चारों के अलावा आसपास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं रहा।
शादी संपन्न होने के बाद बीकानेर से बरात लेकर पहुंचे दूल्हे राजा बिना दुल्हन के ही लौट गए। कोरोना संक्रमित दुल्हन को होम आइसोलेट किया गया है। बताया गया कि क्वांरटीन अवधि पूरी होने के बाद दूल्हा दुल्हन को ले जाएगा।
दुल्हन के कोरोना संक्रमित निकलने पर शादी के इंतजाम धरे के धरे रह गए। बीकानेर (राजस्थान) से आने वाली बरात के लिए दुल्हन पक्ष की ओर से बेहतर इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही घराती बरातियों के लिए खाना आदि बनाने में जुट गए थे। जैसे ही दुल्हन के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मिली को खाना बनाना रोक दिया गया। इससे दुल्हन पक्ष को नुकसान भी हुआ।
No comments:
Post a Comment