भोपाल। भोपाल में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को 22 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। चिंता वाली बात यह है कि कोरोना संक्रमण स्वास्थ्य विभाग के संचालनालय से अब स्मार्ट सिटी के दफ्तार में बनाए गए कोरोना कंट्रोल रूम में पहुंच गया है। शुक्रवार को जो लोग संक्रमित मिले उसमें से 3 डॉक्टर हैं, हालांकि उनकी किसी अस्पताल में ड्यूटी नहीं थी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के परिजन भी संक्रमित हैं। डॉक्टर्स में पल्लव दुबे, वीरेंद्र कुमार, रोशनी दिलबागी कोरोना संक्रमित हुए हैं। इस तरह भोपाल में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या 121 पहुंच गई है।
राजधानी में 2 साल का एक बच्चा भी पॉजिटिव
2 साल का वीर पुरोहित प्रदेश में सबसे छोटे उम्र का कोरोना पीड़ित है। सुकून की बात यह है कि अभी उसे किसी तरह की तकलीफ नहीं है। इसलिए उसे घर पर ही रखा गया है। मासूम वीर उप संचालक सौरभ पुरोहित का बेटा है।
भोपाल में अब तक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित उनके परिवार के संक्रमित होने की संख्या 74 हो गई है। वहीं 20 जमाती, 16 पुलिसकर्मी व उनका परिवार व 11 अन्य लोगों का नाम शामिल है।
राज्य के बाद जिला स्तरीय कंट्रोल रूम पहुंचा कोरोना
स्वास्थ्य विभाग के संचालनालय में बने राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में अधिकांश लोग कोरोना के संक्रमण का शिकार हो गए। इसके बाद शुक्रवार से जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में भी कोरोना ने अपने पैर पसारना शुरू कर दिया है। स्मार्ट सिटी कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में कार्यरत डॉ. पल्लव दुबे कोरोना के संक्रमित पाए गए है। इसके बाद से कंट्रोल रूम में हड़कंप मच गया है। अधिकांश लोग क्वारेंटाइन हो रहे है, वहीं आईएसबीटी स्थित एक होटल में कंट्रोल रूम में काम करने वाले कर्मचारियों को ठहराया जा रहा है। संभवतः कंट्रोल रूम को 12 घंटे के लिए बंद कर सैनिटाइज करवाया जाएगा।
अच्छी खबर : नेगेटिव आई धाकड़ की रिपोर्ट, आज हो सकते है डिस्चार्ज
राजधानी में तीसरा कोरोना का संक्रमित मरीज रेलकर्मी आरएस धाकड़ की रिपोर्ट शुक्रवार को नेगेटिव आ गई है। एम्स में इनका इलाज चल रहा था। 27 मार्च को इन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। शुक्रवार को 14 दिन पूरे हो गए है। अब रिपोर्ट नगेटिव आई है तो इन्हें कल तक डिस्चार्ज किया जा सकता है।
64 जमातियों की स्वस्थ होते ही होगी गिरफ्तारी
पांच थानों में 64 विदेशी जमातियों पर वीजा उल्लंघन का मामला दर्ज करने के बाद उनकी गिरफ्तारी की तैयारी हो रही है। विधि सलाहकारों से इस बारे में सलाह ली जा रही है। एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कुछ विदेशी जमाती कोरोना संक्रमित हैं, उनके स्वस्थ होने के बाद गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नए कोरोना संक्रमित
- सविता दुबे व पल्लव दुबे : सविता स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक उपेंद्र दुबे की पत्नी और पल्लव उनके बेटे हैं। पल्लव की स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम में ड्यूटी थी।
सुनीता पुरोहित व वीर पुरोहित : सुनीता पुरोहित स्वास्थ्य विभाग के उप संचालक सौरभ पुरोहित की मां और वीर दो साल का बेटा है।
- मैरी थामस व ऐलन थॉमस : मैरी स्वास्थ्य संचालनालय में क्लर्क पीसी थॉमस की पत्नी व ऐलन बेटी हैं।
टीटी नगर पुलिस कॉलोनी में फैले संक्रमण से ये हुए संक्रमित
- मसूद खान
- हरे कृष्ण शर्मा
- आदित्य सिंह
- वाणी
स्वास्थ्य विभाग के अन्य नाम
संदीप सरपम, संतोष मिश्रा, सुषमा मंडल, सतीश सोनी, विजय, कैलाश लाल, आशीष गजभिए, विवेकानंद, आशुतोष गोयल।
ये दो डॉक्टर भी चपेट में
- डॉ. वीरेंद्र कुमारः डिप्टी डायरेक्टर
- डॉ. रोशनी दिलबगीः एनएचएम में कंसल्टेंट
जहां संक्रमित व्यक्ति की मौत होगी, अंतिम संस्कार उसी शहर में होगा
स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी कर कहा कि जिस शहर में कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत होगी, उसका अंतिम संस्कार भी उसी शहर में ही होगा। किसी को भी संक्रमित व्यक्ति का शव अन्य जिले या शहर में नहीं ले जाने दिया जाएगा। यह व्यवस्था कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए की गई है।
एक हफ्ते में पांच गुना बढ़ गए मरीज
4 अप्रैल-- 18
5 अप्रैल-- 41
6 अप्रैल-- 63
7 अप्रैल-- 84
8 अप्रैल-- 94
9 अप्रैल-- 99
10 अप्रैल-- 121
No comments:
Post a Comment