अशोक शर्मा की गुंडागर्दी: सिंकदरा चेकपोस्ट पर रात-दिन अवैध वसूली, हाइवे पर 2 किमी जाम
सिकंदरा परिवहन चेकपोस्ट बना लुटेरों का अड्डा, मध्य प्रदेश सरकार की साख पर बट्टा
करैरा :- शिवपुरी जिले में स्थित सिंकदरा परिवहन चेकपोस्ट अब ट्रक चालकों के लिए नर्क बन चुका है। चेकपोस्ट प्रभारी अशोक शर्मा की अगुवाई में यहाँ रात-दिन खुलेआम अवैध वसूली का घृणित खेल चल रहा है। अशोक शर्मा ने दो दर्जन से अधिक प्राइवेट गुंडों की फौज खड़ी कर रखी है, जो उनकी शह पर ट्रक चालकों से जबरन पैसे ठगते हैं। दिन हो या रात, हर समय प्रति ट्रक कम से कम 500 रुपये की लूट हो रही है, बिना किसी रसीद या वैध दस्तावेज के। इस बेशर्मी भरी वसूली ने हाइवे को जाम के हवाले कर दिया है, जहाँ 2-2 किलोमीटर लंबा जाम आम बात हो गई है। यह जाम न केवल चालकों, बल्कि यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए भी भारी परेशानी का सबब बन रहा है।
मध्य प्रदेश सरकार ने पहले परिवहन चेकपोस्टों को भ्रष्टाचार और बदनामी के चलते बंद करने का आदेश दिया था, लेकिन सिंकदरा चेकपोस्ट इस आदेश को ठेंगा दिखा रहा है। अशोक शर्मा और उनके गुंडों की गुंडागर्दी ने ट्रक चालकों का जीना हराम कर दिया है। चालक बताते हैं कि यह अवैध वसूली उनकी मेहनत की कमाई छीन रही है और मजबूरी में वे इस लूट को सहने को मजबूर हैं। यह लूटतंत्र न केवल परिवहन व्यवसाय को ठप करने की कगार पर ला रहा है, बल्कि शिवपुरी जिले की अर्थव्यवस्था और परिवहन विभाग की साख को भी मिट्टी में मिला रहा है।
स्थानीय लोगों और ट्रक चालकों में अशोक शर्मा की इस मनमानी के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है। उनका कहना है कि यह चेकपोस्ट अब नियमों की आड़ में डकैती का अड्डा बन चुका है। चालकों को डर है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट या और सख्ती हो सकती है, क्योंकि अशोक शर्मा के गुंडे बेखौफ होकर हाइवे पर आतंक मचाए हुए हैं। यह बेहद शर्मनाक है कि एक सरकारी चेकपोस्ट लुटेरों का गढ़ बन चुकी है। जिला प्रशासन और मध्य प्रदेश सरकार की चुप्पी इस मामले को और गंभीर बना रही है। इस भ्रष्टाचार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जरूरत है। अशोक शर्मा और उनके गुंडों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि चालकों को राहत मिले और परिवहन विभाग की खोई हुई साख बहाल हो। जिला प्रशासन को इस लूटतंत्र की गहन जाँच कर दोषियों को बेनकाब करना चाहिए। अगर इस अत्याचार को नहीं रोका गया, तो यह न केवल शिवपुरी, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश की छवि को धूमिल करेगा।
No comments:
Post a Comment